JNV के स्टूडेंट्स ने खुद को कमरों में किया कैद

नवभारतटाइम्स.कॉम
jawahar navodaya vidyalaya students create ruckus angry over bad food locked themselves in rooms
nNBT रिपोर्ट, कानपुर : कन्नौज जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार सुबह सौ से ज्यादा स्टूडेंट्स ने खुद को हॉस्टल में कमरों में बंद कर लिया। खराब खाना परोसे जाने से भड़क स्टूडेंट्स ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया। विद्यालय प्रशासन के तमाम प्रयास के बावजूद विद्यार्थी कुछ सुनने को तैयार नहीं हुअए। आखिरकार देर शाम डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री हॉस्टल पहुंचे और समस्याएं सुनने के साथ समाधान का आश्वासन देकर स्थिति संभाली।

अनौगी के जवाहर नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में लगभग 110 छात्र में रहते हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह किसी भी स्टूडेंट्स के नहीं पहुंचने पर कर्मचारी को भेजा गया। इस दौरान स्टूडेंट्स ने खुद को हॉस्टल के कमरों में कैद कर लिया और बाहर आने से साफ मना कर दिया। इसके साथ ही एकजुट होकर प्रिंसिपल के खिलाफ नारे लगाने लगे। सूचना पर पहुंचे प्रिंसिपल ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। छात्रों ने आरोप लगाया कि मेस में घटिया खाना परोसा जाता है। शिकायत पर वॉर्डन ने ध्यान देने की जगह भगा दिया। नाराज छात्रों ने प्रिंसिपल और वॉर्डन को हटाने की मांग करते हुए रूम से बाहर आने से इनकर कर दिया। पूरे दिन भूखे प्यासे रहने की जानकारी पर डीएम मौके पर पहुंचे। काफी समझाने और जांच व कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर करीब छह घंटे बाद बच्चे बाहर आए और खाना खाया।