'10 Kg दिखाया, 16 Kg गटका'

नवभारतटाइम्स.कॉम
'10 Kg दिखाया, 16 Kg गटका'
nNBT रिपोर्ट, कानपुर: जिले के तालग्राम क्षेत्र में पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त कार से 10.026 किग्रा सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये है। इस बीच सपा प्रमुख और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने पुलिस पर बरामद दिखाए गए सोने से ज्यादा गायब करने का आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने एक्स पर किए पोस्ट में आरोप लगाया है कि पुलिस ने करीब सोलह किलो सोना हड़प लिया।

एसपी विनोद कुमार के अनुसार शनिवार को सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह की जीप में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ब्रेजा कार ने टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टक्कर मारने वाली गाड़ी में सवार महराजगंज निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल निवासी सरोज पंत को हिरासत में लेने के साथ ही जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से सोने की एक-एक किलो की 10 ईंटें बरामद हुईं। दोनों कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं दिखा सके। नेपाल से तस्करी के आशंका के मद्देनजर सीमा शुल्क विभाग को सोना सौंप दिया गया है। इस बीच सपा प्रमुख ने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा है कि दस दिखाया, सोलह गटकाया। साथ ही कहा कि कहीं पुलिस दिखाए गए सोने के बिस्कुटों को भी पीली धातु बताकर सरकारी हिसाब में दर्ज करे और बाद में पीतल से बदलकर गटक न जाए।