Dont Protect Reservation Opponents Mayawati Urges Government Targets Congress
'आरक्षण विरोधियों को संरक्षण न दें'
Contributed by: Ranvijay.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण में सुधार की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि आरक्षण से छेड़छाड़ की मांग अनुचित, समाज विरोधी और देशहित के खिलाफ है।
मायावती ने राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर सस्ती राजनीति से बचने की सलाह दी और सरकार से आरक्षण विरोधी ताकतों को संरक्षण न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज सदियों से जातिवाद, शोषण और भेदभाव झेलता रहा है, इसलिए उन्हें मिले संवैधानिक अधिकार कमजोर नहीं किए जाने चाहिए। मायावती ने गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं में भ्रष्टाचार और खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने ईडब्ल्यूएस आरक्षण की कमियों का भी उल्लेख किया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि जंतर-मंतर पर आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं की चुप्पी उनकी मानसिकता उजागर करती है। उन्होंने इसे दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के प्रति असंवेदनशील रवैया बताया।