ई-बसों को बढ़ाने की रफ्तार तेज, ‘सिस्टम’ के स्टार्ट होने का इंतजार

Contributed byShyam.Vir|नवभारतटाइम्स.कॉम
ई-बसों को बढ़ाने की रफ्तार तेज, ‘सिस्टम’ के स्टार्ट होने का इंतजार
Shyam.Vir

@timesofindia.com
n नोएडा : नोएडा-ग्रेनो में इस समय 100 ई-बसें चल रही हैं और अगले माह से 500 नई ई-बसें भी उतारने की तैयारी है, लेकिन यात्रियों के लिए जरूरी व्यवस्था अब भी कागजों में है। अब असल चुनौती ऐसा सिस्टम बनाने की है जिससे लोगों को पता हो कि बस कहां से मिलेगी और कितनी देर में आएगी। अभी ई-बसों के लिए स्टैंड तक नहीं बन पाए हैं। सावर्जनिक स्थानों पर रूट और टाइमिंग की जानकारी नहीं है। लोगों की मांग है कि ई-बसाें के संचालन के लिए मेट्रो की तर्ज पर मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाए, जिसमें बसों के रूट से लेकर टाइमिंग व किराये तक की जानकारी हो। अधिकारियों ने कहा कि अभी इस तरह की तैयारी नहीं है। 12 जून से नोएडा, ग्रेनो और यमुना क्षेत्र में 100 ई-बसें चल रही हैं। इनके लिए करीब 85 जगह बस स्टैंड बनाए जाने हैं। दो महीने बाद भी अथॉरिटी का दावा है कि अभी एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। टेंडर कब होगा और बस स्टैंड कब बनेंगे, इसकी कोई तय तारीख नहीं है। परिवहन विभाग की एक रिपोर्ट में कहा है कि ग्रेनो के परी चौक पर बस शेल्टर अनिवार्य है, लेकिन इस पर कुछ नहीं हुआ।