Share Market Direction On The Move Of Crude Oil Know What Will Be The Effect
कच्चे तेल की चाल तय करेगी शेयर बाजार की दिशा !
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, मुंबई: भारतीय शेयर बाजार के लिए इस हफ्ते कच्चे तेल की कीमतें और अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े घटनाक्रम सबसे अहम रहेंगे। पिछले दो हफ्तों की कमजोरी के बाद अब असली परीक्षा इस बात की होगी कि निफ्टी 24,000 के आसपास अपना आधार बचा पाता है या नहीं। शुक्रवार को बाजार लगभग सपाट बंद हुआ, लेकिन पूरे हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में रहे। ऐसे में बजारा की दिशा तय करने में घरेलू संकेतों से ज्यादा अमेरिका और एशिया के बाजारों की चाल, कच्चे तेल की कीमत और बॉन्ड यील्ड अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वेल्थ मैनेजमेंट रिसर्च प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि निफ्टी में लगातार दो हफ्तों की गिरावट के बाद अब कुछ स्थिरता देखने को मिल सकती है। उनके मुताबिक, इस दौरान 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चल रहा ब्रेंट क्रूड और भू-राजनीतिक घटनाक्रम बाजार के लिए खास तौर पर अहम रहेंगे।वहीं एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक आने वाले हफ्ते में बाजार की नजर मुख्य रूप से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति, एनवीडिया के तिमाही नतीजों और अमेरिका-ईरान तनाव पर रहेगी। उनके मुताबिक भारतीय बाजार के लिए कच्चे तेल, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर की चाल महत्वपूर्ण रहेगी।
इसके साथ ही रुपये की स्थिति और विदेशी एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों के फ्लो पर भी बाजार की नजर बनी रहेगी। आसान शब्दों में कहें तो आने वाले सत्रों में बाजार को सिर्फ कंपनियों के नतीजे नहीं चला रहे हैं। मैक्रो संकेत और जियोपॉलिटिकल जोखिम भी सेंटीमेंट पर बड़ा असर डाल रहे हैं। भारतीय शेयर बाजार के लिए इस समय सबसे महत्वपूर्ण बाहरी जोखिमों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतें शामिल हैं। कच्चा तेल महंगा होने से भारत के आयात बिल पर दबाव बढ़ सकता है।