Secret Of 18 Kg Heroin Smuggling Revealed By Refueling Four Times In 500 Km Three Arrested
500 किमी में चार बार पेट्रोल भरवाने से खुला तस्करी का राज
Contributed by: Ankur.Tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक मामूली सुराग के आधार पर अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया। तस्करों ने हेरोइन छिपाने के लिए कार के फ्यूल टैंक में विशेष गुप्त कैविटी बनाई थी, लेकिन 500 किलोमीटर की यात्रा में चार बार पेट्रोल भरवाने की बात से अधिकारियों को शक हो गया। इसी आधार पर सीबीएन की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों ने ‘ ऑपरेशन ब्लैक हॉक ’ के तहत लखनऊ और बाराबंकी के पास दो कार्रवाई कर कुल 18.64 किलो कच्ची हेरोइन बरामद की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
खुफिया सूचना पर टीम ने सुलतानपुर-लखनऊ हाइवे पर असम नंबर की हुंडई क्रेटा रोकी। शुरुआती तलाशी में कुछ नहीं मिला, लेकिन पूछताछ में ईंधन भरवाने की असामान्य जानकारी सामने आई। फ्यूल टैंक की तकनीकी जांच में 25 वाटरप्रूफ पैकेट मिले, जिनमें 16.46 किलो कच्ची हेरोइन थी। दोनों कार सवार गिरफ्तार कर लिए गए।दूसरी कार्रवाई में सिलीगुड़ी-लखनऊ कॉरिडोर से आ रहे ट्रक को बाराबंकी के पास रोका गया। ट्रक की बॉडी में बने गुप्त चैंबर से 2.16 किलो कच्ची हेरोइन बरामद हुई और एक आरोपित गिरफ्तार हुआ। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट में मामला दर्ज किया गया है।