Sanjay Singh Meets Akhilesh Yadav Discussion On Constitution Reservation And Teacher Recruitment
संविधान, आरक्षण और शिक्षक भर्ती पर अखिलेश से मिले संजय
Contributed by: Ankur.Tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस मुलाकात को प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच बढ़ते तालमेल के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा कि पिछड़ों के अधिकारों, सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण को कमजोर करने की मुहिम चला रही है और इसे विफल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से संसद और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी। राजनीतिक दृष्टि से यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। 2022 विस चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातचीत हुई थी, लेकिन सीटों पर सहमति न बनने के कारण दोनों ने अलग चुनाव लड़ा। इसके बावजूद किसान आंदोलन, विपक्षी मुद्दों और संसद के भीतर दोनों दलों का सहयोग बना रहा। 2024 लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी ने यूपी में अपना प्रत्याशी नहीं उतारा और सपा-कांग्रेस गठबंधन को बिना शर्त समर्थन दिया।