Adverse Entry For Three Artos For Negligence Laxity In Action On Old Vehicles In Ncr
लापरवाही पर ज़िले के तीन ARTO को प्रतिकूल प्रविष्टि
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
एनसीआर में मानक पूरे कर चुके वाहनों पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने पर परिवहन विभाग का बड़ा चाबुक चला है। सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन आयुक्त के निर्देशों के बावजूद बीएस-1, 2 और 3 वाहनों पर कार्रवाई न करने पर गौतमबुद्ध नगर के तीन एआरटीओ और गाजियाबाद के चार एआरटीओ समेत एनसीआर के 13 अधिकारियों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन की इस कार्रवाई की जद में गौतमबुद्ध नगर के एआरटीओ (प्रवर्तन) अभिषेक कनौजिया, उदित नारायण और नंद कुमार आए हैं। वहीं, गाजियाबाद के एआरटीओ अमित राजन राय, अंकिता शुक्ला, आकांक्षा सिंह पटेल और विनीत कुमार मिश्र समेत बुलंदशहर की नीतू शर्मा और हापुड़ के रमेश कुमार चौबे पर भी यह दंडात्मक कार्रवाई हुई है। 13 मार्च को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की बैठक के बाद हर जिले को प्रतिदिन लगभग 500 पुराने वाहन सीज करने का लक्ष्य मिला था। हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में इन पुराने वाहनों की जब्ती और स्क्रैपिंग की समीक्षा की गई। समीक्षा में सामने आया कि लक्ष्य के मुकाबले पूरे एनसीआर क्षेत्र में मात्र 666 वाहनों को ही सीज किया गया है। कार्य में इस भारी लापरवाही और असंतोषजनक प्रदर्शन को देखते हुए परिवहन आयुक्त ने यह दंडात्मक कार्रवाई की है।