Free Travel For 60 Women In Roadways Buses Smart Card Will Now Be Made Online Or At Bus Stations Know The Full Process
ऑनलाइन या किसी भी बस अड्डे से बन जाएगा स्मार्ट कार्ड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
परिवहन निगम की बसों में 60 साल से ऊपर की महिलाओं को फ्री सफर करने के लिए स्मार्ट कार्ड बनवाना होगा। तैयारी के मुताबिक यह स्मार्ट किसी भी बस अड्डे पर बन जाएगा। हालांकि इसके लिए उनको 118 रुपये चुकाने होंगे। यह पांच साल के लिए मान्य होगा। हालांकि इस संबंध में परिवहन निगम जल्द ही पूरी कार्ययोजना जारी करेगा। परिवहन निगम के सूत्रों ने बताया कि 2011 की जनगणना और मार्च 2022 में कराए गए बस यात्री सर्वे के आधार पर तैयार आंकड़ों के अनुसार रोडवेज की बसों में प्रतिदिन 60 वर्ष से अधिक आयु की औसतन 88,438 महिला यात्री सफर करती हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक मांग के जरिए 100 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। सूत्रों ने बताया कि परिवहन निगम की बसों के ईटीआईएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन) में स्मार्ट कार्ड की व्यवस्था की जाएगी। लाभार्थी किसी भी बस स्टेशन काउंटर पर आधार कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रति और प्रार्थना पत्र जमा कर स्मार्ट कार्ड बनवा सकती हैं। सूत्रों ने बताया कि स्मार्ट कार्ड का मूल्य 100 रूपये और 18 फीसदी जीएसटी मिलाकर कुल 118 रूपये देने होंगे। इस कार्ड की वैधता 5 वर्ष रहेगी। इसके लिए निगम की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर भी 118 का भुगतान कर 7 दिनों के भीतर चयनित बस स्टेशन से कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा। परिवहन निगम के अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से बोलने से मना किया है।