Delhi Govts Vayo Anand Scheme Recreation And Social Hubs To Be Built For Seniors
बुज़ुर्गों के लिए बनेंगे मस्ती और मेलजोल के ठिकाने
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
दिल्ली सरकार राजधानी के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वयो आनंद योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत ऐसे मनोरंजन केंद्र विकसित किए जाएंगे जहां 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को मेलजोल, मनोरंजन, योग और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की सुविधा मिलेगी। इन केंद्रों में कैरम, लूडो जैसे इनडोर गेम के अलावा समाचार पत्र, पत्रिकाएं, किताबें, टीवी और कंप्यूटर की सुविधा भी उपलब्ध होगी।सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान, स्वास्थ्य, सक्रिय जीवन और सामाजिक जुड़ाव को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘वयो आनंद’ योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके आसपास ही ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने हमउम्र लोगों के साथ समय बिता सकें और अकेलेपन से दूर सक्रिय सामाजिक जीवन जी सकें। इसे चलाने वाले केंद्रों के लिए पात्र संगठनों को हर साल 2.40 लाख की सुविधा भी दी जाएगी।
मनोरंजन केंद्र सप्ताह में 5 दिन और रोजाना सुबह 7 बजे से रात 8 बजे के बीच खोला जाएगा। केंद्र में बैठने के अलावा शौचालय की व्यवस्था जरूरी होगी। सुविधा के लिए ग्राउंड फ्लोर वाले केंद्र को प्राथमिकता मिलेगी। बहुमंजिला इमारत होने पर लिफ्ट की सुविधा जरूरी होगी। चिकित्सा शिविर और उपचार किट रखने का भी प्रावधान है।