Preparation To Build Two Underground Water Tanks In The City To Tackle Waterlogging
शहर में दो जगह अंडरग्राउंड वॉटर टैंक बनाने की तैयारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Surender.singh @Timesofindia.com
nगुड़गांव: बरसात के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में हुआ। इससे सिविक एजेंसियों की किरकरी के बाद अब सभी एजेंसियां फिर से एक्टिव मोड में आ गई हैं। CMO के बाद PMO तक मामला पहुंचने पर अगले मॉनसून में हालात ऐसे न रहें, इसके लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। वॉटर इंजेक्शन वेल, रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग के साथ ही अंडरग्राउंड टैंक बनाने की योजना है, जिनमें पानी को स्टोर किया जा सके। शहर के दो भारी जलभराव वाले पॉइंट्स चिह्नित किए गए हैं। इनमें सोहना रोड के सुभाष चौक पर सदर थाना और शीतला माता मंदिर के सामने पार्किंग एरिया शामिल हैं। दोनों ही जगहें जलभराव के हॉटस्पॉट हैं। बारिश के बाद पानी सड़कों से इन टैंकों में ट्रांसफर किया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे पानी को निकाला जाएगा। यह टैंक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के अंडरग्राउंट टैंक की तर्ज पर बनाए जाएंगे, हालांकि इनका साइज उससे छोटा होगा। लाखों लीटर क्षमता के यह टैंक पानी को स्टोर कर सकेंगे। बता दें कि इस मॉनसून 75 से 110 MM तक बारिश एक दिन में आ चुकी है। सदर थाने को सेक्टर-48 में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए थाने की नई बिल्डिंग भी बनेगी। सुभाष चौक पर सेक्टर-45 और 46 सेक्टरों का पानी रोड पर आ जाता है। यहां पर बनी ड्रेन ओवरफ्लो हो जाती है। दूसरी ओर शीतला माता रोड पर तो आज तक ड्रेन ही नहीं बनी। यहां पर जीएमडीए का अंडरग्राउंड ड्रेन बनाने का भी प्लान है, जो रेजांगला चौक पर कनेक्ट की जाएगी। जल्द ही GMDA इसके लिए कंस्लटेंट नियुक्त कर DPR तैयार करवाएगा। इससे पहले जल्द ही फिजिबिलिटी सर्वे शुरू होगा। GMDA के CEO पीसी मीणा ने बताया कि शीतला माता मंदिर पार्किंग और सदर थाना में लाखों लीटर पानी की क्षमता वाले दो अंडरग्राउंड टैंक स्टोरेज के लिए बनाए जाएंगे। इससे एकाएक रोड पर पानी नहीं आएगा, साथ ही ग्राउंड वॉटर भी रिचार्ज होगा।