सोसायटी के प्रधान पर रॉड और डंडों से जानलेवा हमला, हाथ-पैर तोड़े

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad society president attacked with rods and sticks tenant verification becomes cause
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सेक्टर-82 स्थित फ्लोरिडा अपार्टमेंट सोसायटी के आरडब्ल्यूए प्रधान अश्वनी शुक्ला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमले का कारण पुलिस के निर्देश पर सोसायटी में शुरू किया गया किरायेदारों का वैरिफिकेशन बताया जा रहा है। प्रधान अश्वनी शुक्ला ने सेक्टर-31 पुलिस को बताया कि बीपीटीपी पुलिस के आदेशानुसार सोसायटी की सुरक्षा के लिए किरायेदारों का पुलिस वैरिफिकेशन अनिवार्य किया था। इस प्रक्रिया का सोसायटी में रहने वाले राजीव अत्री और उसके साथियों ने कड़ा विरोध किया। आरोप है कि ये लोग प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं और ऊंचे कमीशन के लालच में बिना किसी जांच के असामाजिक तत्वों को फ्लैट किराये पर दिलाते हैं।
आरोपियों ने उन्हें पहले भी काम बंद न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी। 26 अगस्त को अश्वनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी सेक्टर-30 में अदाणी गैस एजेंसी के पास स्कार्पियो और सेंट्रो कार में आए राजीव अत्री, राहुल दूबे और आशीष पंडित ने उनकी कार के आगे गाड़ियां लगा दीं। आरोपियों ने डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर अश्वनी के हाथ-पैर तोड़ दिए। हमलावरों ने उन पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गए।