Lover Threatened Live Then Stabbed Girlfriend Muskan To Death
मुस्कान डिस्टेंस लर्निंग से ग्रैजुएशन कर रही थीं
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nनवीन निश्चल, तिलक नगर
तिलक नगर के मुस्कान शर्मा मर्डर केस में पुलिस को घरवालों, दोस्तों और पड़ोसियों से कई अहम जानकारी मिली है। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे के सिक्वेंस का पता लगाया जा रहा है। मौके पर मौजूद पड़ोसी विजय ने बताया कि आरोपी इमरान ने मुस्कान पर चाकू से हमला करने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव विडियो बनाकर खुदकुशी की धमकी दी थी, ताकि मुस्कान उसके दवाब में आ जाए। जब ऐसा नहीं हुआ तो बुधवार रात मौका देखकर वह घर पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया।पुलिस को जांच में पता चला है कि मुस्कान चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थीं। मुस्कान से बड़ी दो बहनें हैं और उनसे छोटा एक भाई है। मुस्कान के पिता की 2007 में मौत हो गई थी। मां नर्स हैं, जबकि मुस्कान डिस्टेंस लर्निंग से ग्रैजुएशन कर रही थीं। इसके साथ ही वह मॉडलिंग भी करती थीं। बॉडी फिट रखने के लिए जिम जाना शुरू किया था, जहां जिम ट्रेनर इमरान से मुलाकात हुई थी।
‘चंडीगढ़ से बड़ी बहन ने फोन करके दी सूचना’
मुस्कान और उनके भाई-बहन के कॉमन दोस्त अमन ने बताया कि इमरान उसका पीछा करता था। अक्सर दवाब बनाता रहता था, इस बारे में मुस्कान की बड़ी बहन ने बताया भी था। बुधवार को मुस्कान की बड़ी बहन का फोन आया कि वह चंडीगढ़ में हैं। घर पर मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया है। जब मैं घर पहुंचा तो देखा कि पुलिस वहां मौजूद थी। किसी को ऊपर जाने नहीं दिया जा रहा था। जहां यह वारदात हुई है, वह ओल्ड महावीर नगर में मंगला अस्पताल के पास वाली गली है। डीडीयू हॉस्पिटल पहुंचे मुस्कान के छोटे भाई ने कहा कि मेरा परिवार बहुत दुखी है, इससे ज्यादा कुछ बोलने की हिम्मत नहीं है। मैं आगे बात नहीं करना चाहता हूं। हॉस्पिटल से मिली जानकारी के अनुसार, मुस्कान के पेट पर आरोप ने चाकू से कई वार किए थे। खून ज्यादा बहने के कारण मुस्कान की मौत हो गई।