मौलाना की हत्या की साज़िश के आरोपित 24 घंटे में बाहर

नवभारतटाइम्स.कॉम
maulana murder conspiracy accused released on bail in 24 hours supporters give grand welcome
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

राजधानी में मौलाना इरफान अहमद रिजवी की हत्या की साजिश रचने के आरोपित 24 घंटे के भीतर ही जमानत पर रिहा हो गए। जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया और तीन गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें गाना बजाते हुए घर ले जाया गया। आरोपितों ने इसका विडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर दिया, जिसमें फिल्मी गाने के साथ अपनी मौजूदगी का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
पुलिस का दावा : नहीं मांगी केस डायरी

पुलिस के मुताबिक आरोपित फरहान सिद्दीकी, सोहेल अहमद सिद्दीकी और अमन कुरैशी को ACJM-3 कोर्ट से गुरुवार को जमानत मिली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जमानत देने से पहले केस डायरी या रिपोर्ट नहीं मांगी गई। पुलिस का पक्ष रखने के लिए नोटिस भी नहीं दिया गया। बेल बॉन्ड का वेरिफिकेशन भी नहीं हुआ। इस मामले में आरोपितों के 3 साथी अभी जेल में हैं।

2 लाख रुपये में दी थी हत्या की सुपारी

पुलिस के मुताबिक, मौलाना इरफान अहमद रिजवी की हत्या के लिए फरहान-सोहेल ने अमन के जरिए 2 लाख रुपये में 2 शूटर हायर किए थे। हजरतगंज पुलिस ने जांच के बाद 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद तीनों आरोपितों को ACJM-2 कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। फरहान पर 8 और सोहेल पर 6 मुकदमे दर्ज हैं। ADCP जितेंद्र दुबे का कहना है कि कोर्ट का आदेश है। पुलिस अपनी जांच कर रही है।