Youth Dies Gruesome Death Due To Electric Current Got Stuck In Divider Pit While Crossing Road Died On The Spot
रोड पार करते वक्त डिवाइडर में करंट लगने से युवक की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nकृष्णा कुणाल सिंह, नई दिल्ली
शाहदरा के आनंद विहार स्थित सूरजमल विहार इलाके में सिविक एजेंसियों की लापरवाही के कारण 28 साल के संदीप की सड़क पार करते हुए मौत हो गई। डिवाइडर में बने गड्ढे में वह कमर तक फंस गए और बिजली के खंभे में करंट आने के कारण उनकी मौके मौत हो गई। सूचना के बाद आनंद विहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला PWD और BSES की लापरवाही का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।पुलिस अधिकारी के मुताबिक संदीप (28) अपनी बुआ के साथ बिहारी कॉलोनी में रहते थे। बचपन में ही उनके माता-पिता की मौत हो गई थी। बुआ ने ही उन्हें पाला पोसा था। उनका एक भाई करोल बाग में अपने मामा के घर रहते हैं। संदीप सूरजमल विहार स्थित घर पर मेडिकल केयर टेकर के तौर पर काम करते थे। बुजुर्ग की देखभाल के लिए वह पैदल ही अपने घर से हर दिन आते-जाते थे। गुरुवार को जब वह सुबह वहां से वापस लौट रहे थे। तभी रोड नंबर-58 पार कर रहे थे। बीच सड़क पर डिवाइडर पार करने के दौरान खंभे के पास पैर रखते ही मि ट्टी धंसने से करीब 2 से 3 फीट गहरे गड्ढे में वह समा गए। गड्ढा होने के कारण खंभे के नीचे हिस्से में करंट आ रहा था। करंट लगने के बाद गड्ढे में फंसे होने के कारण वह बाहर भी नहीं निकल पाए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। हालांकि हादसा उससे पहले का लग रहा है। सूचना के बाद पुलिस वाले मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया।