Hdfc Bank And Reliance Sell off Heavy Fall In Stock Market Sensex Down 539 Points
HDFC बैंक, रिलायंस में बिकवाली से गिरा बाज़ार
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट, मुंबई: एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आखिरी वक्त में हुई भारी बिकवाली और दुनिया भर में जारी तनाव की वजह से गुरुवार को शेयर बाजार में गिरावट आई। सेंसेक्स 539.35 अंक (0.70%) टूटकर 76,933.59 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार खत्म होने से ठीक 15 मिनट पहले बिकवाली इतनी तेज हुई कि सेंसेक्स दिन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 116.90 अंक (0.48%) गिरकर 24,090.85 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की टॉप-30 कंपनियों में सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ। अमेरिका में बैंक के खिलाफ एक सामूहिक कानूनी कार्रवाई की खबर आने से इसका शेयर 2.08% गिर गया। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1% की गिरावट रही, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ गया। इसके साथ ही एयरटेल, NTPC, M&M, HCL टेक और ITC के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) 0.67% महंगा होकर 88.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।एचडीएफसी बैंक के शेयर गिरकर ढाई साल के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। गुरुवार के कारोबार में बैंक की मार्केट वैल्यू में करीब 21,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी आई। इस साल अब तक बैंक के शेयरों में 26% से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है, जो 2008 की मंदी के बाद सबसे बड़ी गिरावट है।
छोटा कर्ज जुटाना होगा आसान
बाजार नियामक सेबी (Sebi) ने एक नया प्रस्ताव रखा है, जिससे लिस्टेड कंपनियों के लिए प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए स्मॉल-वैल्यू डेट (कम कीमत वाले कर्ज) जुटाना आसान हो जाएगा। सेबी का सुझाव है कि ऐसी छोटी रकम जुटाने के लिए अब मर्चेंट बैंकर नियुक्त करना जरूरी नहीं होना चाहिए।