पीटीआई, मुंबई: बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने गुरुवार को कहा कि हाल ही में शुरू हुए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) में फिलहाल कोई बदलाव नहीं करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि रेगुलेटर नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के जरूरी दस्तावेज (DRHP) को मंजूरी देने के बहुत करीब है। इस मंजूरी के साथ ही देश के सबसे बड़े शेयर बाजार के IPO का रास्ता साफ हो जाएगा।
सेबी प्रमुख तुहिन कांत पांडे ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा, हम अभी CAS में कोई बदलाव नहीं देख रहे हैं और यह सिस्टम जैसा है, वैसा ही चलता रहेगा। धीरे-धीरे इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ेगी। सेबी ने बाजार में होने वाली हेराफेरी को रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए इस CAS सिस्टम को पेश किया था। एनएसई के आईपीओ पर पांडे ने कहा कि अगर एक्सचेंज अपने शेयरों को अपने ही प्लैटफॉर्म पर ट्रेड करने का प्रस्ताव देता है, तो सेबी उस पर विचार करेगा। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी तक एनएसई की तरफ से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।