शादी से इनकार पर युवती ने हिंडन में लगाई छलांग, नहीं मिला सुराग

नवभारतटाइम्स.कॉम•
girl jumps into hindon river after refusal of marriage allegations against boyfriend search continues
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में शनिवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया। शादी से इनकार करने पर नाराज युवती ने कुलेसरा पुल से हिंडन नदी में छलांग लगा दी। बेटी को रोकने के लिए उसकी मां पुल तक पहुंचकर चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन युवती नहीं मानी। उसे बचाने के लिए उनके परिवार के एक युवक ने भी नदी में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने युवक को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया लेकिन युवती का अब तक सुराग नहीं लगा। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। रविवार देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही।
शनिवार शाम बेटी ने प्रेमी से की थी बात

युवती के पिता हरेंद्र के मुताबिक, उनकी बेटी संजना का राहुल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों शादी करना चाहते थे। शनिवार शाम दोनों के बीच फोन पर शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान राहुल ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद संजना ने कथित तौर पर कहा कि वह मरने जा रही है और घर से निकल गई। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उसकी मां और परिवार के अन्य लोग उसे रोकने के लिए पीछे दौड़े। शनिवार रात करीब 10 बजे संजना कुलेसरा पुल पर पहुंची और हिंडन नदी में छलांग लगा दी।