पक्षियों की नज़र

नवभारतटाइम्स.कॉम•
do birds recognize humans based on gender new research in europe
दिलीप लाल

आपने गौर किया होगा कि कुछ पक्षी इंसानों को पास आने देते हैं, जबकि कुछ आहट मिलते ही उड़ जाते हैं। अब यूरोप में हुए एक शोध से वैज्ञानिकों को नई बात पता चली है। रिसर्च के मुताबिक, पक्षियों की यह प्रतिक्रिया इस बात पर भी निर्भर कर सकती है कि उनकी ओर बढ़ने वाला कौन है- महिला है या पुरुष? शोधकर्ताओं ने पाया कि महिलाएं जब पक्षियों की ओर बढ़ती थीं, तो वे पुरुषों के मुकाबले कुछ पहले उड़ जाते थे। पुरुष औसतन पक्षियों के उड़ने से पहले उनके करीब, लगभग एक मीटर और आगे तक पहुंच सके। यह अंतर गौरैया, ब्लैकबर्ड और मैगपाई जैसी प्रजातियों में ही नहीं, बल्कि आम तौर पर इंसानों को करीब आने देने वाले कबूतरों में भी दिखाई दिया। हालांकि वैज्ञानिक अभी इसकी निश्चित वजह नहीं बता पाए हैं। संभावना जताई गई है कि पक्षी इंसानों की चाल, शरीर की बनावट या गंध जैसे सूक्ष्म संकेतों को समझकर प्रतिक्रिया करते हों। इस अध्ययन का अर्थ यह नहीं है कि पक्षी महिलाओं को स्वभाव से अधिक खतरनाक मानते हैं। संभव है कि वे ऐसे संकेतों को पहचानते हों, जिन पर इंसान आम तौर पर ध्यान नहीं देते। यह खोज शहरी वन्यजीवों के व्यवहार को समझने का नया रास्ता खोलती है। ब्रिटिश इकोलॉजिकल सोसायटी की पत्रिका पीपल एंड नेचर में प्रकाशित इस शोध में यूरोपीय देशों के कुछ शहरी पार्कों और हरित क्षेत्रों में 37 प्रजातियों के पक्षियों का निरीक्षण किया गया।