Vivekananda Modern Academy Defeated Sr International To Win The First Match Of The U 19 Cricket Tournament
विवेकानंद मॉडर्न अकैडमी ने SR इंटरनेशनल को हराया
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ : बीकेटी स्थित विवेकानंद मॉडर्न अकैडमी की ओर से द्वितीय लेफ्टिनेंट केएन सिंह स्मृति U-19 अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। एसएआर स्पोर्ट्स ग्रुप (क्रिकेट ग्राउंड एवं अकैडमी) में खेले गए 15 ओवर के उद्घाटन मुकाबले में विवेकानंद मॉडर्न अकैडमी (वीएमए) ने एसआर इंटरनेशनल स्कूल को हराकर जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट में वीएमए ने 8 विकेट पर 125 रन बनाए। जवाब में एसआर इंटरनेशनल स्कूल की टीम 67 रन पर सिमट गई। वीएमए से रुद्र ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि आरुष सिंह, अखिलेश यादव, फरहान बेग और दीपक गुप्ता ने दो-दो विकेट झटके। एसआर इंटरनेशनल स्कूल से अक्षत मुकेश ने 23 रन जोड़े, वहीं दर्श प्रताप सिंह और दिव्यांशु राय ने दो-दो विकेट हासिल किए।विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष केएन सिंह की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट में 12 विद्यालय भाग ले रहे हैं। 21 अक्टूबर से दो नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का ध्येय वाक्य 'जुनून के साथ खेलें, गर्व के साथ जीतें' रखा गया है।