गुड़गांव से लेकर बावल तक इंडस्ट्री को जल्द मिलेगी हाईस्पीड रफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
gurugram bawal high speed mrts industry to get new speed logistics hub to strengthen
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साइबर सिटी की इंडस्ट्री को दक्षिण हरियाणा की मैन्युफैक्चरिंग बेल्ट से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। हाईस्पीड एमआरटीएस के प्रस्ताव से गुड़गांव-मानेसर-बावल के बीच सफर आसान होने के साथ इस पूरी बेल्ट में माल और कर्मचारियों की आवाजाही को रफ्तार दी जाएगी। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) के अनुसार, प्रस्तावित मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (MRTS) के जरिए गुड़गांव, मानेसर, धारूहेड़ा और बावल जैसी इंडस्ट्रियल टाउनशिप को तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे इन क्षेत्रों में रोजाना आने-जाने वाले कर्मचारियों के साथ इंडस्ट्री के लिए लॉजिस्टिक्स नेटवर्क भी मजबूत होगा।
गुड़गांव और मानेसर के आगे धारूहेड़ा और बावल में ऑटोमोबाइल समेत कई बड़ी इंडस्ट्री हैं। एमआरटीएस इन्हें एक तेज ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में जोड़ेगा। कॉरिडोर को मेट्रो और सब-अर्बन रेल सिस्टम की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसमें एलिवेटेड, सेमी-एलिवेटेड और जमीन पर ट्रैक का इस्तेमाल किया जाएगा।

2040 तक रोज़ाना 22.4 लाख यात्रियों की होगी क्षमता : इस नेटवर्क को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। वर्ष 2040 तक इससे रोजाना करीब 11.6 लाख से 22.4 लाख यात्रियों के सफर करने का अनुमान है।

नांगल चौधरी में तेजी से विकसित हो रहा लॉजिस्टिक्स हब : महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी में 886 एकड़ में इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब (IMLH) विकसित किया जा रहा है। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) के तहत बन रहा यह हब वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और एनएच-11 से जुड़ा होगा।