Chaos In Gurugram nuh Due To Electricity Employees Strike Public Anger Erupts Over Powerless System
‘पावरलेस’ सिस्टम से बढ़ा गुस्सा, सड़कों पर उतरे लोग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, गुड़गांव
नूंह और गुड़गांव में निजी कंपनी को बिजली आपूर्ति का लाइसेंस देने के विरोध में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो गई है। पहले ही दिन गुड़गांव में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। पूरा सिस्टम पावरलेस नजर आया। इसका असर घरों से लेकर कारोबार तक दिखा। सोसायटियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को घंटों पावर बैकअप के सहारे गुजारा करना पड़ा। सदर बाजार में भी दुकानदारों को कई घंटे तक बैकअप से काम चलाना पड़ा। गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। सेक्टर-37 और कादीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली संकट ने फैक्ट्रियों की रफ्तार थाम दी। इस बीच लोगों को परेशानी से बचाने के लिए किए गए दावे धरे नजर आए।सब-स्टेशनों के बाहर पुलिस तैनात
शहर के 20 से ज्यादा इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायतें हैं। बिजली नहीं होने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल रही हैं और फ्रिज, आरओ व इंटरनेट जैसी सुविधाएं बाधित हो रही हैं। इनवर्टर के सहारे पहले दिन किसी तरह काम चला, लेकिन मुश्किलें बढ़ने की आशंका है। सेक्टर-3, 5, 6, 7, 9, 9ए और 10 समेत कादीपुर, कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र, वजीरपुर आसपास की कॉलोनियों व सोसायटियों में शिकायतें सामने आईं। गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के कुछ हिस्सों में भी आपूर्ति बाधित रही। सेक्टर-10ए और दौलताबाद सबस्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी तैनात नजर आए।