44 Villages Farmers Detained For Plot Demand Protest Stopped In Greater Noida
प्लॉट की मांग कर धरना देने जा रहे 44 गांवों के किसान हिरासत में
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
आबादी के प्लॉट की मांग को लेकर ग्रेनो अथॉरिटी पर अनिश्चितकालीन धरना देने जा रहे 44 गांवों के किसानों को पुलिस ने गुरुवार को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया। इन्हें रोकने के लिए कई जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। मेट्रो डिपो और विप्रो गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया। पुलिस ने गाड़ियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से किसानों को उतारकर हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं को भी पुलिस अपने साथ ले गई।किसान नेता मोहित भाटी ने बताया कि उन्हें अधिग्रहित जमीन का दस प्रतिशत प्लॉट आबादी के लिए मिलना है। इसमें छह प्रतिशत दे दिया गया है। बाकी 4% प्लॉट अभी नहीं मिला। किसान एक महीने से गांव-गांव जाकर आंदोलन की तैयारी कर रहे थे। जिला प्रशासन को भी धरने की सूचना पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद किसानों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तक पहुंचने नहीं दिया गया। किसानों का आरोप है कि अधिकारी उनकी समस्याएं सुनने तक को तैयार नहीं हैं। किसान नेता कपिल कुमार ने कहा कि किसानों के साथ वर्षों से अन्याय हो रहा है। 25 साल से उन्हें आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। किसान संगठनों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों को अपनी मांग रखने से रोकना उचित नहीं है। संगठनों ने चेतावनी दी कि शेष 4% प्लॉट समेत मांगों का समाधान नहीं होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।