Greater Noida Speeding Car Crushes 3 Youths On Scooty And Bike One Seriously Injured
कार चालक ने स्कूटी और बाइक सवार 3 युवकों को लिया चपेट में
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क में तेज रफ्तार कार चालक ने आसपास चल रहे स्कूटी और बाइक सवार तीन युवकों को चपेट में लिया है। कार के बोनट में फंसकर घिसटने से स्कूटी सवार गंभीर घायल हो गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कार चालक और उसके साथी पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा 20 अक्टूबर की रात 11 बजे का है।
सेक्टर बीटा-2 निवासी अमित कुमार उपाध्याय के मुताबिक, उनके भतीजे राज गौरव की स्कूटी में पेट्रोल खत्म हो गया था। वह पैदल तुगलपुर स्थित पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहा था। बाइक से उसके दोस्त आदित्य और शिवांग सिंह पैर से स्कूटी को धक्का दे रहे थे। जैसे ही तीनों स्टेलर टी-पॉइंट के पास पहुंचे, पीछे से आए होंडा सिटी कार नंबर डीएल 4 सीएयू 5734 के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी और बाइक को चपेट में ले लिया। चालक के नशे में था। चपेट में आने के बाद कार में स्कूटी समेत फंसकर राज गौरव कुछ दूर तक घिसटते चला गया।