Jp Greens Wish Town Extra Maintenance Charge Dispute Reaches Authority Residents Fear Double Recovery
सोसायटी में ज्यादा चार्ज वसूलने का विवाद पहुंच गया प्राधिकरण
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
जेपी ग्रीन्स विशटाउन में साझा क्षेत्र रखरखाव (SAM) चार्ज पर चल रहा विवाद अब नोएडा प्राधिकरण पहुंच गया है। विभिन्न क्लस्टरों के निवासियों की पांच सदस्यीय समिति ने गुरुवार को सीईओ करुणेश कुमार से मुलाकात कर प्रति वर्ग फुट 1.50 रुपये की अतिरिक्त वसूली पर आपत्ति जताई। निवासियों की शिकायत सुनने के बाद सीईओ ने एसीईओ क्रांति शेखर को निवासियों और सुरक्षा प्रबंधन के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाकर आपसी सहमति से समाधान निकालने के निर्देश दिए। निवासियों का कहना है कि वे पहले से ही अपने-अपने क्लस्टर के रखरखाव शुल्क का भुगतान कर रहे हैं। ऐसे में टाउनशिप के साझा क्षेत्रों के नाम पर अलग से SAM चार्ज लेने का कानूनी और संविदात्मक आधार स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने चार्ज की गणना, सुविधाओं की सूची और खर्च का मदवार ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की है। निवासियों ने आरोप लगाया कि पुराने रखरखाव समझौतों में कॉमन एरिया के साथ टाउनशिप के साझा क्षेत्रों की सुविधाएं भी शामिल थीं। ऐसे में नए शुल्क से दोहरी वसूली की आशंका है। उन्होंने नए समझौते और पुराने-नए शुल्क का तुलनात्मक विवरण उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा अधूरे विकास कार्यों और प्रीपेड मीटर के जरिए रखरखाव शुल्क वसूली को लेकर भी चिंता जताई गई। निवासियों ने मांग की कि विवादित शुल्क की जांच पूरी होने तक इसकी वसूली पर रोक रहे।