फ्रूट गार्डन के पास डाल रहे कूड़ा, एरिया की सफाई व्यवस्था प्रभावित

नवभारतटाइम्स.कॉम•
faridabad outcry over dumping garbage near fruit garden questions raised on sanitation system
nNBT न्यूज, फरीदाबाद

एनआईटी 5 स्थित फ्रूट गार्डन के पास खाली जगह पर कूड़ा डाले जाने से निवासी परेशान हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी मंदिर दरगाह के पीछे खाली जगह पर कूड़ा डाल रहे हैं। इससे आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। लोगों ने विरोध जताते हुए नगर निगम प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यहां नीलम रेलवे रोड पर स्थित मंदिर दरगाह के पीछे खाली पड़ी जगह पर निगम कर्मचारियों द्वारा कूड़ा डाला जा रहा है। इस कारण आसपास गंदगी फैलने की आशंका बनी हुई है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी प्रभाकर सिन्हा का कहना है कि रेजिडेंशल एरिया के पास इस तरह कूड़ा डालना उचित नहीं है। इससे एरिया की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को जैसे ही निगम के कर्मचारी यहां कूड़ा डालने आए तो निवासियों ने उन्हें रोककर विरोध जताया। आरोप है कि नगर निगम कर्मचारी और एसडीओ ने मना करने के बावजूद यहां कूड़ा डाला। लोगों का कहना है कि खाली जगह को कूड़ा डालने का स्थान बनाने के बजाय एरिया में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। आरडब्ल्यूए और निवासियों ने इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर को शिकायत देकर समस्या के समाधान की मांग की है। वहीं, इस संबंध में नगर निगम एसई ओमबीर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।