केजीपी पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की गई जान

नवभारतटाइम्स.कॉम•
young man hit by speeding vehicle on kgp expressway tragic death
n NBT न्यूज, पलवल

चांदहट थाना क्षेत्र में केजीपी एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव भावलपुर निवासी सरताज के रूप में हुई है।
मृतक के भाई लल्लनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई सरताज बुधवार को अपने रिश्तेदार जाकिर के साथ गाजियाबाद से ट्रक में बैठकर गुड़गांव जाने के लिए निकला था। जाकिर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित मसूरी गांव का निवासी है और ट्रक चलाता है। गुरुवार को पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि सरताज का शव केजीपी एक्सप्रेसवे के पास पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के अनुसार, उन्होंने जाकिर को कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और अस्पताल भी नहीं पहुंचा। चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जाकिर की तलाश के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।