Lucknow University Mess To Serve Food At Old Rates Increased Fees Withdrawn
मेस में पुराने रेट पर ही मिलेगा खाना
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को महंगे खाने के बोझ से बड़ी राहत मिली है। विवि प्रशासन ने मेस शुल्क में की गई बढ़ोतरी वापस ले ली है। अब सभी हॉस्टलों में पुरानी दरों पर ही खाना मिलेगा। दरअसल, हाल में हुए मेस टेंडर में चयनित फर्म ने पुरानी दरों पर ही भोजन उपलब्ध करवाने पर सहमति दी है। वेंडर द्वारा रेट न बढ़ाए जाने के बाद एलयू प्रशासन ने भी फीस वृद्धि का फैसला वापस ले लिया है।
NBT ने 11 अगस्त के अंक में मेस शुल्क में बढ़ोतरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए विवि प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि यदि टेंडर में रेट नहीं बढ़े तो छात्रों से भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। अब टेंडर पुरानी दरों पर फाइनल होने के बाद यह फैसला लागू कर दिया गया है।कॉशन मनी भी घटी : चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी ने बताया कि कॉशन मनी में की गई 1,000 रुपये की बढ़ोतरी भी वापस ले ली गई है। अब 2,000 रुपये ही कॉशन मनी ली जाएगी। छात्रों से मेस के सालाना ₹37,738 और छात्राओं से ₹29,192 रुपये लिए जाएंगे। जिन छात्रों ने बढ़ी फीस जमा कर दी है, उन्हें रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है।