32 Weapons Stolen From Malkhana One Out Of 14 Accused Gets Bail Others Pleas Rejected
मालखाने से 32 हथियार चोरी केस में 14 में से एक को मिली ज़मानत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सेक्टर-8 थाना मालखाने से 32 हथियार चोरी होने के मामले में आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिल रही है। अब तक 14 आरोपियों ने जमानत याचिका दायर की, लेकिन कोर्ट ने केवल एक आरोपी को ही जमानत दी है। बाकी सभी की याचिकाएं मामले की गंभीरता को देखते हुए खारिज कर दी गईं हैं।जमानत याचिका दाखिल करने वालों में केशव चौधरी, मोहम्मद तालीम, विपिन कुमार, अमित कुमार, सचिन, संजय सुनारिया, अमन, आशीष, दीपक, भगवान सिंह, अंकित गर्ग, पुष्पेंद्र, अजय कुमार और पवन कुमार शामिल हैं। इनमें केवल पवन कुमार को ही राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, पवन कुमार पर आरोप था कि उसने संजय सुनारिया के साथ मिलकर दो पिस्टल राहुल और बलवान को बेची थीं और इसके एवज में उसे 15 हजार रुपये कमीशन मिला था। पुलिस ने उसके पास से 3,500 रुपये भी बरामद किए। अदालत में पुलिस ने बताया कि किसी अन्य आरोपी के बयान में पवन कुमार का नाम सामने नहीं आया। इसी आधार पर अदालत ने उसे जमानत दे दी। वहीं अन्य आरोपियों ने अपनी जमानत याचिका में दावा किया कि एफआईआर में उनका नाम नहीं है, उन्हें झूठा फंसाया गया है और उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। उन्होंने पवन कुमार को मिली जमानत का भी हवाला दिया, लेकिन अदालत ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया।