इफ्को चौक के पास झाड़ियों में मिला महिला का शव

नवभारतटाइम्स.कॉम
womans body found in bushes near iffco chowk suspicion of murder police investigating
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर इफ्को चौक के पास सर्विस लेन की झाड़ियों में करीब 30 वर्षीय महिला का शव मिला है। शरीर पर चोट के कुछ निशान हैं, इससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर फिलहाल हत्या की बात से इनकार किया है। शव उस समय बरामद हुआ जब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के इंजीनियर और कर्मचारी रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए जमीन की निशानदेही कर रहे थे। काम के दौरान कर्मचारियों को झाड़ियों से तेज बदबू आई। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वहां एक सड़ी-गली लाश पड़ी थी। कर्मचारियों ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस और फरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। शुरुआती जांच में अधिकारियों का कहना है कि यह मामला हत्या का नहीं लग रहा है। महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया और हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है। बिसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है। सेक्टर-29 थाना इंचार्ज सतेंद्र रावल ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के रेकॉर्ड चेक किए जा रहे हैं। महिला के मानसिक रुप से विक्षिप्त होने का पता लगा है।