ईको-सेंसटिव ज़ोन में 'कब्ज़ा', तोड़े जाएंगे 185 अवैध निर्माण

नवभारतटाइम्स.कॉम
bulldozer to raze 185 illegal constructions in eco sensitive zone major action by district administration
n NBT न्यूज, गुड़गांव

सुल्तानपुर नैशनल पार्क के आसपास बने 185 अवैध निर्माण अब जिला प्रशासन के रडार पर हैं। इन पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। पर्यावरण-संवेदनशील (ईको-सेंसिटिव) जोन में लगातार बढ़ रहे अवैध निर्माण को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को डीसी उत्तम सिंह ने सभी विभागों की बैठक की। बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि नैशनल पार्क के आसपास चल रहे सभी निर्माण कार्यों की जांच की जाए और बिना अनुमति या नियमों के विपरीत बने निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने बताया कि सुल्तानपुर नैशनल पार्क के पांच किलोमीटर के ईको-सेंसिटिव जोन में 185 अवैध निर्माण चिह्नित हैं। इन्हें लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। डीसी ने कहा कि सुल्तानपुर केवल गुड़गांव ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय महत्व की वेटलैंड है। यहां हर साल हजारों प्रवासी पक्षी आते हैं, इसलिए ईको-सेंसिटिव जोन के नियमों का सख्ती से पालन कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। बताया गया कि ईको-सेंसिटिव जोन में नए व्यावसायिक निर्माण, मोबाइल टावर और ग्लास वाली इमारतों के निर्माण पर प्रतिबंध है। इसके अलावा सिंगल-यूज प्लास्टिक, कचरा व फसल अवशेष जलाने और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर और हॉर्न के इस्तेमाल पर भी रोक है। उसके बावजूद निर्माण देखा गया है। डीडब्ल्यूएलओ राम कुमार ने बताया कि पेपर वेरिफिकेशन के बाद संबंधित अधिकारियो से बैठक कर नोटिस जारी किया जाएगा। डीआरओ विजय यादव, डीएफओ सुरेंद्र डांगी, डीटीपीई अमित मधोलिया, डीटीपी आरएस भाट, एईई दिव्यांशु उपस्थित रहे।