Email Hacked Rs 1536 Lakh Fraud Cyber Fraud Case From Auto Parts Company
ई-मेल ID हैक कर बदली बैंक डिटेल, ठग लिए 15.36 लाख रुपये
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, मानेसर
इंडस्ट्रियल एरिया मानेसर की एक नामी ऑटोमोबाइल पार्ट्स निर्माता कंपनी के साथ 15.36 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने वेंडर का ई-मेल अकाउंट हैक कर बैंक खाते की जानकारी बदल दी और पेमेंट की पूरी राशि अपने फर्जी खाते में ट्रांसफर करवा ली। साइबर क्राइम मानेसर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नागाटा ऑटो इंजीनियरिंग कंपनी के IT असिस्टेंट मैनेजर रंजीत कुमार ने बताया कि 12 मई को उनकी कंपनी को अपने नियमित वेंडर बीएस टेक ऑटो इंडस्ट्रीज के आधिकारिक ई-मेल से एक इनवॉइस मिला, जिसमें पेमेंट का अनुरोध किया गया था। आरोप है कि इसके अगले दिन यानी 13 मई को उसी ई-मेल आईडी से एक और मेल आया। इस नए मेल में जालसाजों ने चालाकी से लिखा कि वेंडर का बैंक खाता बदल गया है और भुगतान की राशि अब नए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा कराई जाए। कंपनी के फाइनेंस विभाग ने ई-मेल को असली मानते हुए 15 लाख 36 हजार 300 रुपये नए खाते में ट्रांसफर कर दिए। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब अगले दिन असली वेंडर ने कंपनी से संपर्क कर भुगतान न मिलने की बात कही। जब दोनों पक्षों ने ई-मेल और बैंक डिटेल्स का मिलान किया, तो पता चला कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने वेंडर की ई-मेल आईडी का गलत इस्तेमाल कर बैंक खातों में हेरफेर की थी। वेंडर का असली खाता एचडीएफसी बैंक में था, जबकि पैसे एसबीआई के किसी फर्जी खाते में गए थे। पुलिस की साइबर सेल अब उस फर्जी एसबीआई बैंक खाते की डिटेल खंगाल रही है, जिसमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं। साथ ही, ईमेल के आईपी एड्रेस को भी ट्रैक किया जा रहा है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।