आषाढ़ मेला शुरू, शीतला माता के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु

नवभारतटाइम्स.कॉम
ashadh mela begins devotees flock to see sheetla mata crowd expected to increase on weekend
n NBT न्यूज, गुड़गांव : श्री माता शीतला देवी मंदिर में मंगलवार से आषाढ़ मेला शुरू हो गया। मेले के पहले दिन मां शीतला के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम दिखे। जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर में सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। गर्मी के चलते पहले दिन काफी कम संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

स्वास्थ्य और सफाई पर विशेष ध्यान : मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था की गई है। वहीं नगर निगम ने मंदिर परिसर, सार्वजनिक शौचालयों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें प्रसाद, मिठाई और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण करेंगी।
वीकेंड पर हो सकती है भारी भीड़ : शीतला माता मंदिर में जिले के अलावा दिल्ली, फरीदाबाद, रेवाड़ी, झज्जर, पलवल और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उम्मीद है कि वीकेंड पर छुट्टी का दिन होने के चलते श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में वीकेंड को लेकर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं।