Faridabad Sugarcane Juice Vendor Attacked With Sticks Hands And Legs Broken
गन्ने के रस विक्रेता पर हमला, लाठी-डंडों से तोड़े हाथ-पैर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
डबुआ कॉलोनी में मंगलवार को सुरक्षाकर्मी के लंच पर जाते ही गन्ने के रस का ठेला लगाने वाले एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर हाथ-पैर तोड़ दिए और सिर पर भी गंभीर चोट पहुंचाई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है।पुलिस के मुताबिक, डबुआ कॉलोनी गाजीपुर रोड निवासी गंगाराम डीएवी कॉलेज के पास गन्ने के रस का ठेला लगाते हैं। उनकी पत्नी राजेश्वरी ने आरोप लगाया कि डबुआ कॉलोनी के कमल भड़ाना, मनीष, अन्नी, रितिक, जयवीर, मनदीप समेत अन्य लोग उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं।
राजेश्वरी ने बताया कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके घर पर हमला किया था। उस मामले में आरोपियों के खिलाफ मारपीट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। परिवार की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने गंगाराम को एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया था, जो हर समय उनके साथ रहता है। फिलहाल सभी आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
मंगलवार को गंगाराम अपने ठेले पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका सुरक्षाकर्मी खाना खाने चला गया। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंगाराम के हाथ-पैर टूट गए और सिर में भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।