महज 714 बच्चों से पोलियो अभियान का लक्ष्य चूका

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugrams polio campaign misses target 714 children denied vaccine
n NBT न्यूज, गुड़गांव

जिले में 28 से 30 जून तक चले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी। बावजूद इसके विभाग तय लक्ष्य से चूक गया। विभगा की टीमें 714 बच्चों तक नहीं पहुंच सकीं। अभियान के दौरान 3 लाख 95 हजार 808 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। मंगलवार को समापन के दौरान 3 लाख 95 हजार 94 बच्चों को ही खुराक दी जा सकी।
अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में 1613 पोलियो बूथ, 155 मोबाइल टीमें और 50 ट्रांजिट टीमें तैनात की थीं। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई जबकि दूसरे और तीसरे दिन टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों तक पहुंचीं। इसके बावजूद 714 बच्चों का लक्ष्य अधूरा रह गया। अभियान को सफल बनाने के लिए 5 हजार 736 वैक्सीनेटर, 300 सुपरवाइजर और 501 हाई रिस्क एरिया साइटों पर विशेष टीमें लगाई गई थीं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रवासी बस्तियों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों, झुग्गी क्षेत्रों और ट्रांजिट पॉइंट्स पर भी विशेष अभियान चलाया, ताकि कोई बच्चा छूट न जाए। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अंतिम दिन भी छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए लगातार प्रयास किया गया। जो बच्चे लक्ष्य से बाहर रह गए, भविष्य के अभियान में उन्हें प्राथमिकता से कवर किया जाएगा।