Hema Foundations Hemotsav 2026 Emphasis On Value based Education In Schools
पेज 4, सोशल कनेक्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, मुंबई : दादर के योगी सभागृह में हेमा फाउंडेशन का वार्षिक समारोह हेमोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज बढ़ते अपराध और सामाजिक चुनौतियों के दौर में शिक्षा प्रणाली में मूल्य आधारित शिक्षा को मजबूती से लागू करने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिक्षा में भारतीय मूल्यों और संस्कारों के समावेश पर लगातार जोर देते रहे हैं।
उन्होंने हेमा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इस दौरान फाउंडेशन ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्यालयों को हेम वर्च्यूज अवॉर्ड्स से सम्मानित किया। आरआर ग्लोबल के संस्थापक पद्मश्री रामेश्वरलाल काबरा, विधायक संजय उपाध्याय, डॉ. पवन सचान, डॉ. चीनू अग्रवाल, ट्रस्टी सीप्रा जाजू आदि मौजूद थे। हेमा फाउंडेशन के चेयरमैन महेंद्र काबरा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि मूल्य-आधारित शिक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य ऐसी पीढ़ी तैयार करना है, जो केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट न हो, बल्कि नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से भी परिपूर्ण हो।'