इंस्टा पर फॉलोअर्स बढ़ाने को छापने लगा नकली नोट

नवभारतटाइम्स.कॉम
it engineer prints fake notes to increase instagram followers shocking revelation
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

फरीदाबाद में होटल के कमरे में नकली नोट छापते पकड़े गए 34 लाख रुपये सालाना पैकेज वाले आईटी इंजीनियर विनायक झा ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि उसने नकली नोट बाजार में चलाने के लिए नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर रील बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के मकसद से तैयार किए थे। इसका आइडिया उसे अपने दोस्त की रील देखकर आया था। वह हैरान था कि दोस्त के पास इतना पैसा कहां से आया, जब उससे पूछा तो उसने बताया कि वह नकली नोट बनाकर उसकी रील बनाता है। बस इसके बाद इंजीनियर ने भी ऐसा ही किया। फिलहाल पुलिस उसके इस दावे की जांच कर रही है।
दोस्त की रील से मिला आइडिया

सूरजकुंड थाना पुलिस की रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके एक दोस्त ने इंस्टाग्राम पर बड़ी मात्रा में नोटों के साथ रील पोस्ट की थी। जब उसने दोस्त से इतनी रकम के बारे में पूछा तो दोस्त ने बताया कि सोशल मीडिया कंटेंट और रील्स की वजह से उसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़े। इसी से प्रभावित होकर उसने भी नकली नोट तैयार कर रील बनाने की योजना बनाई।

लैपटॉप, प्रिंटर व विशेष कागज से तैयार किए नकली नोट

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में उसने लैपटॉप, प्रिंटर और विशेष कागज की मदद से नकली नोट तैयार किए। उसका दावा है कि उसने इन नोटों का कहीं भी लेन-देन नहीं किया और न ही बाजार में चलाया। पुलिस अब इस दावे की तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि कर रही है।