पेज 4, सेकेंड लीड

नवभारतटाइम्स.कॉम
maharashtra itis to be modernized 5400 crore to be spent new era courses to be launched
n NBT रिपोर्ट, मुंबई : महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने अगले पांच साल में राज्य के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं के आधुनिकीकरण का निर्णय लिया। इस पर 5,400 करोड़ रुपये खर्च करेगी। राज्य के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा का कहना है कि आधुनिकीकरण के तहत वहां की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल आधारित एवं नवीन युग के पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे।

करमाला ITI का नाम
अब ‘मदनदास देवी’ होगा

सोलापुर जिले के करमाला स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का नाम बदलकर ‘मदनदास देवी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान’ कर दिया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह स्व.मदनदास देवी की राष्ट्रसेवा, शिक्षा तथा विद्यार्थियों के निर्माण में दिए गए योगदान के सम्मान में आयोजित नामकरण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक नारायण आबा पाटील, पूर्व विधायक राम सातपुते, करमाला नगराध्यक्ष मोहिनी सावंत के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री लोढ़ा ने कहा कि करमाला आईटीआई में एक वर्ष के भीतर छह नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही टाटा समूह के सहयोग से राज्य की चयनित आईटीआई में आधुनिक तकनीकी शाखाएं प्रारंभ करने की योजना शासन के विचाराधीन है तथा उस योजना में करमाला आईटीआई को शामिल करने के प्रयास किए जाएंगे। आगामी छह महीनों में राज्य की आईटीआई में नई तकनीकों पर आधारित पाठ्यक्रम चरणबद्ध तरीके से प्रारंभ करने का भी उन्होंने मानस व्यक्त किया।