मॉनसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

नवभारतटाइम्स.कॉम
manesar corporations review meeting on monsoon preparations emphasis on robust arrangements to prevent waterlogging
n NBT रिपोर्ट, मानेसर: नगर निगम मानेसर कमिश्नर प्रदीप सिंह ने मंगलवार को इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मॉनसून के दौरान जलभराव की रोकथाम, सफाई व्यवस्था और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के तहत चल रहे सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में मॉनसून के दौरान जलभराव की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निगम कमिश्नर ने कहा कि इंजीनियरिंग विभाग की टीमें क्षेत्र में ऐसे सभी स्थानों का मौका निरीक्षण करें, जहां बारिश के दौरान जलभराव की आशंका रहती है। जहां स्थायी समाधान संभव हो, वहां आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। वहीं, जिन स्थानों पर तकनीकी या अन्य कारणों से स्थायी समाधान संभव नहीं है, वहां पर अस्थायी व्यवस्था कर लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में नगर निगम की सरकारी भूमि पर अस्थायी जोहड़ों की खुदाई कर वर्षा जल संग्रहण की व्यवस्था की जाए। इससे एक ओर जलभराव की समस्या कम होगी दो दूसरी ओर भूजल स्तर भी बढ़ेगा। सीएक्यूएम के तहत निगम की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि 36 सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा है। बैठक में एक्सईएन मनदीप धनखड़, सुशील ठाकरान, एसडीओ रविंद्र दहिया, शशिकांत, अनिल मलिक, संजोग शर्मा, अमन राठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।