Power Outage In Faridabad Overnight Amidst Severe Heat Residents Suffer
रातभर बिजली ने किया परेशान, गलियों में घूमते रहे लोग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
भीषण गर्मी में कई इलाकों में बिजली कटौती से लोग बेहद परेशान हैं। सोमवार देर रात तक जवाहर कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, सेक्टर-21ए, एनआईटी और आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। इससे लोगों की रात की नींद खराब हुई और सुबह की दिनचर्या भी प्रभावित रही। लोग घर छोड़ बाहर गलियों में निकल आए।लोगों का आरोप है कि मौसम खराब होने और तेज़ हवाएं चलने के बाद अचानक बिजली चली जाती है। सोमवार को घरों में लगे इनवर्टर भी लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण बंद हो गए, जिससे परेशानी और बढ़ गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सेक्टर 21-ए के स्थानीय निवासियों जीतराम वशिष्ठ, आशुतोष मित्तल, रामलाल गुप्ता, मनीष, बीड़ी हिंगोरानी, गिरीश शर्मा, हरीश गुप्ता, जगदीश खुराना, युगल किशोर शर्मा ने बिजली आपूर्ति को लेकर देर रात रोष व्यक्त किया। जवाहर कॉलोनी निवासी रमेश कुमार ने बताया कि रात भर बिजली नहीं होने से परिवार के सदस्यों को जागकर समय बिताना पड़ा। वहीं, पर्वतीय कॉलोनी की निवासी सीमा शर्मा ने कहा कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई लोगों ने बताया कि सुबह बिजली देर से आने के कारण वे अपने काम पर समय से नहीं पहुंच सके। प्रभावित क्षेत्रों में रात करीब दो बजे के बाद बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य होनी शुरू हुई। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुबह तक कुछ स्थानों पर वोल्टेज की समस्या भी बनी रही।