Rabies Symptoms After Dog Bite Youths Condition Critical Due To Not Taking Vaccine Referred To Delhi
कुत्ते के काटने पर नहीं ली वैक्सीन, एक हफ्ते बाद दिखे रैबीज के लक्षण
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : आदर्श नगर निवासी एक युवक में कुत्ते के काटने के करीब एक सप्ताह बाद रैबीज के संदिग्ध लक्षण दिखाई दिए। परिजन युवक को हाथ-पांव बांधकर बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया।
आदर्श नगर निवासी मोनू को करीब एक सप्ताह पहले गली के एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। उसने एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई। सोमवार रात युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह असामान्य व्यवहार करने लगा। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उसे किसी तरह काबू कर हाथ-पांव बांधकर बीके सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसमें रैबीज के लक्षण होने की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरीज की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में मौजूद लोगों में भी डर का माहौल बन गया। ऐम्बुलेंस कर्मियों ने भी पूरी सावधानी बरतते हुए युवक को दिल्ली के लिए रवाना किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कुत्ता या अन्य संदिग्ध जानवर के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना देरी किए एंटी रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। समय पर उपचार नहीं मिलने पर रैबीज हो सकता है।