Traffic Trial At Shankar Chowk Causes Jams Efforts To Resolve With Signboards
शंकर चौक पर ट्रायल से उलझ रहा ट्रैफिक, लगाए साइन बोर्ड
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, शंकर चौक
दिल्ली-जयपुर हाइवे के शंकर चौक पर हाल ही में शुरू किए गए ट्रैफिक ट्रायल को पटरी पर आने में अभी समय लगेगा। अभी यहां पर ट्रैफिक आपस में उलझ रहा है, वहीं उद्योग विहार की दूसरी साइड भी साइबर हब के लिए दो यूटर्न खोले जाने से ट्रैफिक फंस रहा है। शाम के समय यहां पर जाम के हालात बनते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए ट्रायल के दूसरे दिन मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस की ओर से यहां पर साइन बोर्ड लगाए गए। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि अभी वाहन चालकों को नई व्यवस्थाएं जानने में समय लगेगा। दूसरी ओर डूंडाहेड़ा टी पॉइंट पर एक और यूटर्न खोला गया है। इससे यहां पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। इस पॉइंट पर शाम के समय वाहनों की लंबी लाइनें लगती थीं। एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि अभी यहां पर ट्रायल चल रहा है। नए प्रयोग को सफल होने में थोड़ा समय लगेगा।बता दें कि सरहौल टोल के बाद शंकर चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने ट्रायल शुरू किया है। यहां से साइबर हब के लिए 100 मीटर एरिया में फ्लाईओवर के नीचे से दूसरा यूटर्न खाेला गया है। पहले यहां पर एक ही टर्न था। इसके अलावा इफको चौक, उद्याेग विहार, हाइवे और डूंडाहेड़ा से आने वाले ट्रैफिक के लिए सरहौल बॉर्डर तक अलग-अलग लेन बनाई गई है। रविवार के बाद सोमवार को यहां पर जाम के हालात रहे। इसी तरह का हाल मंगलवार को भी रहा। हालांकि मंगलवार को यहां पर साइन बोर्ड लगा दिए गए, ताकि लोगों को नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके।