शहर में दो रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का काम शुरू

नवभारतटाइम्स.कॉम
work starts on two rainwater harvesting systems in the city to prevent waterlogging and increase groundwater
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-31

जलभराव रोकने और बारिश के पानी के संरक्षण के लिए जीएमडीए ने एक प्लान पर काम शुरू कर दिया है। इस प्लान के तहत दो रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। सेक्टर-31 और 54 में ये सिस्टम बनाए जा रहे हैं। इनके लिए आईआईटी दिल्ली की तकनीक की मदद ली जा रही है। शहर में जीएमडीए की ओर से पांच रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग बनाए जाने हैं। दावा किया जा रहा है कि मॉनसून से पहले ये सिस्टम तैयार कर लिए जाएंगे।
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न केवल बारिश के पानी से ग्राउंड वॉटर रिचार्ज करेंगे बल्कि जलभराव को रोकने में भी मदद करेंगे। पायलट प्रॉजेक्ट के तहत सेक्टर-54 एआईटी चौक के पास स्मृति वाटिका और सेक्टर-31 में रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम बनाने का काम शुरू किया गया है। स्मृति पार्क में 480 फीट और सेक्टर 31 में 500 फीट गहरा रिचार्ज बोरवेल तैयार कर रिचार्ज स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने बताया कि दोनों रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सड़क और ग्रीन बेल्ट के किनारे बनाए जा रहे हैं। इस तरह के पांच सिस्टम शहर में पायलट प्रॉजेक्ट के तौर पर बनाए जाएंगे।