10 किलोमीटर लंबा जाम

Contributed bySurender.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम
10 km long jam on delhi jaipur highway rain worsens trouble
दिल्ली से जयपुर और जयपुर से दिल्ली दोनों ओर गाड़ियों की कतार

सरहौल बॉर्डर, खेड़कीदौला टोल और मानेसर में रेंगते रहे वाहन
10 मिनट का रास्ता लोगों ने डेढ़ घंटे में तय किया

NBT रिपोर्ट, उद्योग विहार : शहर में जलभराव के बीच ज्यादातर सड़कों पर जाम लग गया। हाइवे पर हालात सबसे खराब थे। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर वाहनों की दोनों ओर दस किलोमीटर लंबी लाइनें थी। हजारों वाहन जाम में फंस गए। चार घंटे तक हाइवे पर जाम के हालात रहे। हाइवे पर जाम इतना अधिक था कि इसके साथ लगती शहर की रोड भी जाम हो गई। शहर के ओल्ड सिटी, सोहना रोड, एमजी रोड, सेक्टर-56, एसपीआर के अलावा पालम विहार आदि एरिया में भी ट्रैफिक रेंगता रहा।

दिल्ली-जयपुर हाइवे पर सरहौल टोल पर हजारों वाहन जाम में फंस गए। यहां टोल से लेकर एंबियंस मॉल और शंकर चौक से पीछे इफ्को चौक तक वाहनों की लंबी लाइनें थी। जाम इतना अधिक था कि उद्योग विहार, एमजी रोड, डीएलएफ और साइबर सिटी की ओर भी हैवी ट्रैफिक हो गया। इसके आगे झाड़सा चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, मानेसर तक जाम के हालात थे। हाइवे से कनेक्ट होने वाली मेन रोड सेक्टर-37, उमंग भारद्वाज चौक, सेक्टर-35, सोहना रोड, एमजी रोड, ओल्ड दिल्ली रोड, उद्योग विहार की सड़कों पर भी शाम के समय हजारों वाहन फंसे रहे। सिविल लाइंस, बस स्टैंड रोड, शीतला माता रोड, ओल्ड दिल्ली रोड से कापसहेड़ा तक जाम के हालात थे। लोग दस किलोमीटर की दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय कर पाए। हालांकि ट्रैफिक पुलिस हाइवे पर तैनात थी, लेकिन ट्रैफिक इतना अधिक था कि पुलिस बेबस नजर आ रही थी। एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि बारिश के कारण शहर में मंगलवार शाम अधिक ट्रैफिक था। हेवी ट्रैफिक होने के कारण कुछ जगहों पर दिक्कत आई।