निवेश के नाम पर साढ़े 33 लाख की ठगी में मुंबई से एक दबोचा

नवभारतटाइम्स.कॉम
335 lakhs cheating one arrested from mumbai lured with ipo share market investment
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

साइबर क्राइम थाना साउथ पुलिस ने आईपीओ और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करीब 33 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटी रकम के लालच में ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपी को मुंबई से प्रॉडक्शन वॉरंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2025 को एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसने बताया था कि साइबर ठगों ने उसे आईपीओ और शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया और झांसे में लेकर उनसे कुल 33 लाख 55 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर सोमवार को आरोपी को मुंबई से प्रॉडक्शन वॉरंट पर गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान चेतन सूर्यकांत जगताप निवासी उल्हासनगर, ठाणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई।

खाते में आई थी ठगी की रकम : पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित से ठगी गई रकम में से 25 लाख 70 हजार रुपये सीधे आरोपी चेतन सूर्यकांत जगताप के ही बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। उसने कबूल किया कि उसने सिर्फ 4 प्रतिशत कमीशन के लालच में अपना यह बैंक खाता किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस टीम आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे रैकेट और मुख्य ठगों का पता लगाया जा सके।