Ghaziabad One Lakh Rupees Snatched By Scooter borne Miscreants After Withdrawing From Bank Incident In Kavinagar
बैंक से कैश निकाल बाहर आ रहे शख्स से एक लाख छीने
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : कविनगर क्षेत्र में बैंक से एक लाख रुपये कैश निकाल कर बाहर आए जिला न्यायालय के कर्मचारी से स्कूटी सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पहले कर्मचारी के पैर में अपना पैर मारा, फिर झगड़ा कर छीनाझपटी का माहौल बनाकर जेब में रखीं एक लाख रुपये की दो गड्डी लूटकर भाग गए।
जिला न्यायालय गाजियाबाद में एआरके (अहलमद) के पद पर कार्यरत चंद्रभूषण गिरि ने बताया कि दो जुलाई को वह बैंक से तीन लाख रुपये निकालने गए थे। उनके साथी रामाशीष यादव भी थे। बैंक से कैश निकालने के बाद उन्होंने डेढ़ लाख रुपये रामाशीष यादव को सुरक्षित रखने के लिए दे दिए, जबकि शेष डेढ़ लाख रुपये उन्होंने अपनी पैंट की दोनों जेबों में रख लिए। बैंक से करीब 40 से 50 कदम ही आगे बढ़े तो एक युवक ने अचानक उनके पास आकर उनके पैर में अपना पैर मारा। तभी स्कूटी सवार उसका साथी उनके बराबर आ गया। पैर मारने वाला युवक वापस आया और उनसे लिपट गया। झगड़ा कर उनकी शर्ट पकड़कर करीब 30 सेकंड तक जोर-जोर से झकझोरा। इसी दौरान उनकी बाईं जेब में रखी 50-50 हजार रुपये की दो गड्डियां लूट लीं। इसके बाद वह स्कूटी पर पीछे बैठकर अपने साथी के साथ भाग गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और कविनगर थाने में लिखित शिकायत दी। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।