Gurugram Auto taxi Fare Increased Up To 25 Times After Rain City Faced Long Traffic Jams
बारिश के बाद थमा शहर, ऑटो-टैक्सी का ढाई गुना तक किराया देना पड़ा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, गुड़गांव
तेज रफ्तार से दौड़ने वाला शहर बारिश होते ही थम गया। जलभराव से सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक की रफ्तार लगभग थम गई। इसका सबसे बड़ा असर सार्वजनिक परिवहन और ऐप आधारित कैब सेवाओं पर देखने को मिला। बारिश शुरू होते ही ऑटो और कैब की उपलब्धता अचानक घट गई। जिन वाहनों की बुकिंग हो रही थी, उनमें भी कई ड्राइवरों ने ट्रिप रद्द कर दी या अतिरिक्त किराया मांगना शुरू कर दिया। बारिश कुछ देर बाद थम गई, लेकिन उसकी वजह से पैदा हुई अव्यवस्था शाम तक बनी रही। स्कूल बसें और निजी वाहन देर तक जाम में फंसे रहे। ऑफिस की छुट्टी के समय भी शहर की कई मुख्य सड़कें पूरी तरह जाम रहीं, जिससे कैब और ऑटो की उपलब्धता सामान्य नहीं हो सकी। नतीजतन लोगों को 20 से 40 मिनट तक बुकिंग का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने मजबूरी में सामान्य किराये से दो से ढाई गुना अधिक भुगतान कर सफर किया, जबकि कुछ लोग किराया कम होने का इंतजार करते रहे। जबकि कई ऑफिस से कर पूल कर घर पहुंचे।