मार्च तक होने थे जो काम, अब दिसंबर तक पूरे होने के आसार

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram metro project delayed march works now by december high level nhai meeting
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

ओल्ड गुड़गांव मेट्रो रेल प्रॉजेक्ट के सबसे अहम हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक सेक्शन के काम में बढ़ती देरी पर गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने सख्त रुख अपनाया। नैशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) कॉरिडोर में लंबित कामों से प्रॉजेक्ट की टाइमलाइन प्रभावित होने पर NHAI कार्यालय में सभी विभागों की हाई लेवल बैठक हुई।
बैठक में साफ कहा गया कि मार्च 2026 तक पूरे होने वाले काम अब दिसंबर 2026 तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में यूटिलिटी शिफ्टिंग, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन और अन्य जरूरी अप्रूवल तय समय में पूरे कराने के लिए सभी एजेंसियों को टाइम बाउंड एक्शन प्लान पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए। NHAI के रिजनल ऑफिसर प्रदीप सिंह गुसाईं की अध्यक्षता में हुई बैठक में GMRL के डायरेक्टर (प्रोजेक्ट्स एंड प्लानिंग) एसआर सांगवा, GMRL, गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (GMDA), दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN), हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए जरूरी कई अहम कामों की समीक्षा की गई। इनमें 13 इलेक्ट्रिकल फीडर लाइनों की शिफ्टिंग, एक इलेक्ट्रिकल सब स्टेशन का रिलोकेशन और फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन शामिल हैं। अधिकारियों ने माना कि इन कामों के पूरे बिना संबंधित हिस्से में मेट्रो निर्माण आगे नहीं बढ़ सकता।GMRL अधिकारियों ने बैठक में बताया कि NHAI कॉरिडोर के भीतर आने वाले जो काम पहले मार्च तक पूरे होने थे, लेकिन मौजूदा प्रोग्रेस को देखते हुए अब इनके दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। इस महत्वपूर्ण हिस्से में लगातार हो रही देरी का सीधा असर पूरे गुड़गांव मेट्रो रेल प्रॉजेक्ट की टाइमलाइन पर पड़ रहा है। GMRL ने सभी विभागों से बेहतर इंटर डिपार्टमेंटल कोऑर्डिनेशन बढ़ाने और यूटिलिटी शिफ्टिंग, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन और जरूरी स्टैच्यूटरी (वैधानिक) अप्रूवल समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपील की। अधिकारियों ने लंबित मुद्दों की विस्तार से समीक्षा करते हुए भरोसा दिलाया कि सभी एजेंसियां मिलकर काम में तेजी लाएंगी।