LU कैंपस में छात्रों ने लगाए लापता कुलपति के पोस्टर

नवभारतटाइम्स.कॉम
lu campus in uproar with missing vice chancellor posters students agitated
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय में एक माह से प्रदर्शन कर रहे छात्रों से एलयू वीसी प्रो. जेपी सैनी के न मिलने से नाराज छात्रों ने मंगलवार को कैंपस में लापता कुलपति के पोस्टर लगा दिए। यह पोस्टर कैंपस में अलग अलग जगहों से लेकर कुलपति आवास के गेट तक पर छात्रों ने चस्पा कर दिए। देर रात यह पोस्टर चस्पा करने के बाद मंगलवार सुबह जब यह पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड की ओर से कई जगहों से पोस्टर को हटाया गया। हालांकि छात्रसंघ भवन और जहां छात्र धरना दे रहे हैं उसके आस पास अब भी पोस्टर चस्पा हैं। इस मामले में एलयू ने अपने स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की है लेकिन पुलिस को पत्र लिखा गया है।

मामले में छात्रों का कहना है कि एक माह से अधिक समय हो गया है लेकिन कुलपति आज तक प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने नहीं आए। कई नेताओं की ओर से भी कुलपति से मिलने का समय मांगा गया, लेकिन कुलपति नहीं मिले। आरोप लगाया कि फीस बढ़ोतरी से लेकर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अक्सर कुलपति मिलने से बचते हैं। ऐसे में कैंपस में कुलपति है इसकी मौजूदगी कहीं भी नहीं है। वहीं इस मामले में एलयू के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह पोस्टर लगाना पूरी तरह से गलत है] इसलिए विवि ने पोस्टर उखड़वा दिए हैं।