Nhai Closes Road To Aditya World And Wave City Thousands Suffer
NH से आदित्य वर्ल्ड और वेव सिटी का रास्ता बंद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ( NHAI ) ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 के किनारे बसी सोसायटियों का हाइवे से रास्ता बंद कर दिया है। आदित्य वर्ल्ड सिटी और वेव सिटी के प्रवेश मार्ग बंद होने से हजारों लोगों को काफी लंबा घूमकर हाइवे पर आना पड़ रहा है। एनएचएआई का कहना है कि हाइवे से एक्सेस के लिए सोसायटी प्रबंधन ने कोई अनुमति नहीं ली। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए यूपी गेट से डासना तक 110 ऐसे अवैध कट चिह्नित किए हैं। धीरे-धीरे सभी को ब्लॉक कर दिया जाएगा। आदित्य वर्ल्ड सिटी के हजारों रेजिडेंट्स परेशान : आदित्य वर्ल्ड सिटी का मुख्य प्रवेश मार्ग लगभग पूरे एक दिन तक बंद रहा। जबकि वेव सिटी के पास बैरियर रखा गया है। अचानक रास्ता बंद हो जाने के कारण दफ्तर, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने वाले स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। हाइवे से सीधे मिलने वाली कनेक्टिविटी अचानक टूटने की वजह से लोगों को लंबे चक्कर काटने पड़े और स्थानीय यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। निवासी इस बात से बेहद परेशान हैं कि बिना किसी पूर्व सूचना या वैकल्पिक रास्ते के इतनी बड़ी आबादी का मुख्य मार्ग कैसे बंद किया जा सकता है। फिलहाल बैरियर को मेन से रास्ते से हटाकर साइड कर दिया गया है। आदित्य वर्ल्ड सिटी के निवासी रमनीक तयाल का कहना है कि सोमवार देर रात गेट पर एनएचएआई की तरफ से बैरियर लगा दिया गया है। रात 11 बजे के बाद कुछ लोगों ने इसे हटा दिया है। यदि यह बंद हो गया तो बड़ी मुश्किलें आएंगी।